शादी के चौदह दिन बाद ससुराल में छत से गिरने से नव विवाहिता की मौत, पुलिस ने की जांच
झांसी। सीपरी बाजार थानाक्षेत्र के मिशन कंपाउंड में एक नव विवाहिता की शादी के चौदहवें दिन संदिग्ध परिस्थितियों में मकान की दूसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। मृतका प्रियंका मिश्रा गोरखपुर जिले की रहने वाली थी और 28 अप्रैल को उसकी शादी झांसी के मिशन कंपाउंड के रहने वाले शुभम से हुई थी। सोमवार को घर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान मकान की दूसरी मंजिल से गिरने से प्रियंका को गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका के पति शुभम का कहना है कि प्रियंका सोमवार को छत की मुंडेर पर पैर लटकाकर बैठी थी और मजाक कर रही थी तभी अचानक नीचे गिर गई। मृतका 30 वर्षीय प्रियंका मिश्रा का मायका गोरखपुर जिले में है और उसके पिता कस्टम विभाग से रिटायर्ड हैं। प्रियंका बीएड की पढ़ाई कर चुकी थी। करीब डेढ़ साल पहले जीवन साथी डॉट कॉम के माध्यम से शुभम और प्रियंका की मुलाकात हुई थी। दोनों में बातचीत होने लगी और दोनों परिवारों की सहमति के बाद 28 अप्रैल को शादी और 2 मई को रिसेप्शन हुआ था।
पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना का वास्तविक कारण जानने के लिए पुलिस जांच में जुट गई है। पति समेत परिवार के सभी लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। किसी तरह की शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Continue With Google
Comments (0)