टीवी देखते हुए झपकी लगाने पर 5 किलो चांदी का बैग ले उड़ा शातिर चोर, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

गुना। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोटेश्वर गली के पास स्थित छोटा सराफा में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई। दुकानदारी मंद होने के कारण एक बुजुर्ग सर्राफा व्यवसायी के सोते समय, एक शातिर चोर ने करीब 5 किलो चांदी से भरा बैग पार कर दिया। यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, त्रिमूर्ति कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय मनोज कुमार जैन ने अपने पिता सुमेरचंद जैन के साथ कोतवाली थाने में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। मनोज ने बताया कि उनकी 'मनोज ज्वैलर्स' नामक सोने-चांदी की दुकान है। शनिवार दोपहर 1:45 बजे वे अपने पिता को दुकान पर अकेला छोड़कर बड़े जैन मंदिर दर्शन करने गए थे।

दोपहर 3 बजे तक मनोज और उनका छोटा भाई संदीप जैन दुकान पर वापस आ गए। दिनभर व्यापार सामान्य रूप से चलने के बाद जब रात 8 बजे दुकान बंद करने का समय आया, तब मनोज ने अपने पिता से चांदी से भरे बैग के बारे में पूछा। पिता ने बताया कि बैग शायद तिजोरी में सुरक्षित रखा होगा। लेकिन तिजोरी खोलने पर बैग गायब मिला।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि दोपहर 2:10 बजे एक नकाबपोश चोर ने चालाकी से काउंटर का शीशा खिसकाकर बैग चुरा लिया। सुमेरचंद जैन आराम कर रहे थे और टीवी देख रहे थे, उसी समय चोर ने वारदात को अंजाम दिया।

सीसीटीवी फुटेज में चोर का रूट भी ट्रेस हुआ है। वह कोटेश्वर मंदिर वाली गली की तरफ जाता दिखा और फिर वापस लौटकर दुकान के सामने से ही निकल गया।

पीड़ित सर्राफा व्यवसायी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 331 (3) एवं 305 (ए) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कर रही है और अन्य कैमरों की भी मदद ली जा रही है।

इस घटना ने बाजार में सुरक्षा के प्रति लोगों को सचेत कर दिया है।