आलोट, रतलाम। अवैध खनन रोकने के दौरान पटवारी अजय चौहान पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने सोमवार को आलोट में शक्ति प्रदर्शन किया। आलोट एवं ताल शाखा के पटवारियों ने विश्राम गृह, आलोट से पैदल रैली निकालकर तहसील कार्यालय तक मार्च किया और तहसीलदार वंदना खराड़े को मुख्यमंत्री के नाम सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जिलेभर में आंदोलन शुरू किया जाएगा।

जानलेवा हमले से पटवारियों में आक्रोश

ज्ञापन में कहा गया है कि शासकीय कर्तव्य का निर्वहन करते समय अवैध खनन रोकने पहुंचे पटवारी अजय चौहान पर कथित खनन माफियाओं ने जानलेवा हमला किया। हमले में उनके हाथ की दोनों हड्डियां टूट गईं और गंभीर हालत में उन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। घटना के बाद पूरे जिले के राजस्व कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।

संघ ने रखीं सात प्रमुख मांगें

पटवारी संघ ने घायल पटवारी के उपचार का पूरा खर्च शासन द्वारा वहन करने, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने, शासकीय कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अवैध खनन रोकने की प्रत्यक्ष जिम्मेदारी संबंधित विभाग को सौंपने, अवकाश अवधि का वेतन नहीं रोकने तथा प्रशासनिक उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की है।

7 दिन का अल्टीमेटम

संघ ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो जिलेभर के पटवारी चरणबद्ध आंदोलन करेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

ये रहे मौजूद

प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष गोपाल रावत, तेजवीर सिंह चौधरी, मुकेश मरमत, कपिल चौबे, मोहित सिंह, सचिन रावत (अध्यक्ष, ताल शाखा), रमेश सोलंकी, संजय कुशवाहा (अध्यक्ष, कस्बा पटवारी संघ), त्रिलोक सिंह धामनिया, स्वागत दुबे, नितेश शर्मा, गोविंद व्यास, रमेश रैदास (पिपलोद), मयूर सूर्यवंशी सहित आलोट एवं ताल क्षेत्र के बड़ी संख्या में पटवारी मौजूद रहे।