दमोह: पुलिस ने सुलझाया चंदू रैकवार हत्याकांड, 6 आरोपी गिरफ्तार

दमोह देहात थाना क्षेत्र के जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत हथना गांव में हुए चंदू रैकवार हत्याकांड की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बुधवार शाम इस हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि होली की पार्टी के दौरान हुए विवाद के चलते आरोपियों ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया था।

इस मामले में कुल 10 आरोपी चिन्हित किए गए थे, जिनमें से 6 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें एक नाबालिक भी शामिल है। बाकी आरोपी अभी भी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है जबकि नाबालिक को किशोर न्यायालय भेजा जा रहा है।

घटना का वर्णन

4 मार्च की रात को लगभग 9:30 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि हथना गांव में चंदू रैकवार की हत्या हो गई है। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस, सीएसपी और जबलपुर नाका चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्रित किए गए। इस अंधे हत्याकांड को सुलझाने में साइबर सेल की भी मदद ली गई।

एडिशनल एसपी ने बताया कि होली की रात आरोपियों की पार्टी चल रही थी और वे कार में गाना बजा रहे थे। उसी दौरान मृतक चंदू रैकवार साइकिल से वहां से गुजरा और कपड़े फाड़ने को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसी आक्रोश में एक नाबालिक आरोपी ने चंदू पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

गिरफ्तार आरोपी

  • शिवम पिता हरीराम विश्कर्मा, 21, निवासी पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे

  • पप्पू आदिवासी पिता कोमल आदिवासी, 19, निवासी ग्राम एरोरा

  • अरविन्द्र चढार पिता करन चढार, 24, निवासी जबलपुर नाका

  • अभय शुक्ला पिता केशव प्रसाद शुक्ला, 20, निवासी जबलपुर नाका

  • लकी यादव पिता स्व. नंदन यादव, 22, निवासी एरोरा

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने नाबालिक मुख्य आरोपी से हत्याकांड में उपयोग किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।