शहर के घोसी पुरा में पति द्वारा पत्नी को जलाने का मामला सामने आया है। पति दूसरी महिला से बात करता था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद था। शनिवार देर रात विवाद के बाद पति ने डीजल डालकर पत्नी को जला दिया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे भोपाल रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार घोसी पुरा में रहने वाले पवन रजक की शादी दीपा रजक(32) से हुई थी। पवन पहले रेलवे में प्राइवेट काम करता था। एक साल पहले उसने काम छोड़ दिया था। पवन किसी दूसरी महिला से बात करता था। इसी बात को लेकर पति पत्नी के बीच विवाद होता था। शनिवार रात भी पवन शराब पीकर घर आया। दोनों के बीच विवाद होने लगा। इसी दौरान दीपा ने अपने भाई को कॉल किया कि पवन उसके साथ मारपीट कर रहा था। उसके भाई जब तक घर पहुंचे, तब तक पवन ने डीजल डालकर अपनी पत्नी को आग लगा दी थी। इससे वह बुरी तरह झुलस गई। भाई और अन्य लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया। महिला 80 प्रतिशत से ज्यादा झुलस चुकी है। रात भर इलाज के बाद रविवार सुबह डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया है। वहीं कैंट पुलिस ने रात में ही उसके पति को पकड़ लिया। महिला के भाई पवन ने बताया कि दस साल पहले उनकी बहन की शादी पवन के साथ हुई थी। वो अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता था। एक महीने पहले भी उसकी बहन मारपीट से परेशान हो कर मायके आ गई थी। तब पवन वहां आया और हाथ पैर जोड़कर उसे वापस ले आया था। पवन ने कहा था कि वह अब मारपीट नहीं करेगा, लेकिन कुछ दिन सब ठीक रहने के बाद फिर वही मारपीट शुरू हो गई।