गुना में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 9 थानों के प्रभारी बदले, राजकुमार शर्मा बने कोतवाली टीआई
गुना। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने गुरुवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस फेरबदल के तहत जिले के 9 पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, जिसमें प्रमुख थानों के प्रभारी भी शामिल हैं।
कोतवाली और चाचौड़ा में नई नियुक्तियां
जारी आदेश के अनुसार, पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक राजकुमार शर्मा को शहर के सबसे महत्वपूर्ण कोतवाली थाने की कमान सौंपी गई है। वहीं, अब तक कोतवाली थाना प्रभारी रहे चन्द्रप्रकाश सिंह चौहान को जिला विशेष शाखा (डीएसबी) प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, पुलिस लाइन से निरीक्षक नीरज कुमार राणा को चाचौड़ा थाने का नया प्रभारी बनाया गया है।
इन थानों के भी बदले प्रभारी
- म्याना थाना प्रभारी रवीन्द्र सिंह सिकरवार को अब आरोन थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
- सिरसी थाना प्रभारी बृजमोहन भदौरिया को म्याना भेजा गया है।
- जामनेर थाना प्रभारी अजय जाट को राघौगढ़ थाने की कमान सौंपी गई है।
- पुलिस लाइन से मनोज कुमार मेहरा को जामनेर थाना प्रभारी बनाया गया है।
उपनिरीक्षकों को भी मिली जिम्मेदारी
निरीक्षकों के साथ-साथ दो उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। चाचौड़ा थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक अरविंद सिंह गौर को सिरसी थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, कोतवाली थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक रूहित शर्मा को धरनावदा थाने का प्रभार सौंपा गया है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस फेरबदल को जिले में अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कसावट की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सभी अधिकारियों को तत्काल अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Continue With Google
Comments (0)