घर में घुसे बदमाशों का आतंक: महिला पर जानलेवा हमला, सामान और मोटर पंप लेकर फरार
शहडोल। बुढ़ार थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा एक महिला पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावर घर में रखा सामान और मोटर पंप चुराकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।
सूत्रों के अनुसार, देवरी की निवासी बेला सिंह (40) अपने पति महावीर सिंह के गांव से बाहर होने पर रविवार रात घर में अकेली सो रही थीं। इसी दौरान रात करीब 11 से 12 बजे के बीच कुछ अज्ञात बदमाश हथियारों के साथ घर में घुस आए। महिला के जागने और विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला किया।
हमलावरों ने महिला को जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर पत्थर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गई। बदमाश उसे मृत समझकर घर में रखा सामान और मोटर पंप लेकर फरार हो गए।
रात करीब एक बजे जब महावीर सिंह घर लौटे तो उन्होंने अपनी पत्नी को खून से लथपथ अचेत अवस्था में पाया। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया।
सुबह ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को जिला चिकित्सालय शहडोल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल, महिला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
परिजनों का कहना है कि बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुसे थे और महिला के विरोध करने पर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और घटना की जांच जारी है।
इस घटना से स्थानीय लोग भयभीत हैं और पुलिस से सुरक्षा के कड़े इंतजाम की मांग कर रहे हैं।

Continue With Google
Comments (0)