आलोट। ग्राम खामरिया निवासी कृष्णपाल सिंह सोंधिया की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या की धाराओं तक पहुंच गया है। युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी, अवैध अतिक्रमण हटाने और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर कारगिल चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। करीब कई घंटों तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश पर मामला शांत हुआ।
पुलिस के अनुसार मृतक कृष्णपाल सिंह सोंधिया की मौत के मामले में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एसडीओपी पल्लवी गौर ने बताया कि मृतक के भाई श्याम सिंह सोंधिया की शिकायत पर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दो-तीन दिन पहले मेले में मृतक के रिश्तेदार के साथ कुछ युवकों का विवाद और मारपीट हुई थी। उस दौरान कृष्णपाल ने बीच-बचाव किया था। पुलिस को आशंका है कि उसी रंजिश के चलते आरोपियों ने युवक को जहरीला पदार्थ देकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
गंभीर हालत में युवक को अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रतलाम से आए डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए चक्काजाम शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के अवैध अतिक्रमण हटाने और पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की भी मांग उठाई।
स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान जावरा एसडीओपी सुनील कुमार जायसवाल, एसडीएम रचना शर्मा, थाना प्रभारी शंकर सिंह चौहान, थाना प्रभारी स्वराज डांबी, थाना प्रभारी पतिराम डाबरे, नायब तहसीलदार हेमलता डिंडोर सहित कई थानों का पुलिस बल तैनात रहा।
प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा तथा अवैध अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शासन की योजना के तहत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर रास्ता खोल दिया।

Continue With Google
Comments (0)