हत्या का आरोपी महाराष्ट्र के चोपड़ा से गिरफ्तार
बड़वानी:-जिले के वरला पुलिस ने हत्या मामले में फरार आरोपी को मात्र 24 घंटे के भीतर समीप महाराष्ट्र के चोपड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेजा गया। पुलिस के अनुसार 19 मार्च को फरियादी वेद पिता निलेश भावसार निवासी ग्राम बलवाड़ी ने वरला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके पड़ोसी मनोज पिता शिवराम बिरारे द्वारा उसके पिता के संबंध में संदेह के चलते आए दिन विवाद और गाली गलौज की जाती थी। इस दौरान शाम 7.30 बजे निलेश भावसार अपने घर से दुकान जाने के लिए पैदल निकले, तभी आरोपी मनोज बाइक से आया और उनको टक्कर मारकर गिरा दिया और ईंट-पत्थर से हमला किया। जिससे निलेश गंभीर रुप से घायल हो गया। परिजनों और आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर घायल को तत्काल शासकीय अस्पताल वरला लाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित किया।
रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 103 (1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। घटना के उपरांत आरोपी फरार हो गया था। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल के निर्देशन में एएसपी धीरज बब्बर, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने विवेचना के दौरान सबसे पहले घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित कर साइबर सेल की सहायता से आरोपी की लोकेशन प्राप्त कर पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के चोपड़ा क्षेत्र के ग्राम पथराडा में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। कार्रवाई में थाना प्रभारी वरला नारायण रावल, उप निरीक्षक कृष्णा मंडलोई, सहायक उपनिरीक्षक धनेश्वर पाटील, एएसआई संजय पाटीदार, प्रधान आरक्षक दीपक, प्रधान आरक्षक योगेश पाटिल साइबर सेल आदि का सहयोग रहा।

Continue With Google
Comments (0)