फांसी के फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव, पति पर हत्या का आरोप
दमोह जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम खमरगौर में गुरुवार दोपहर एक 19 वर्षीय नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। परिजनों ने तुरंत उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के मायके पक्ष ने इस घटना के लिए दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है।
शादी और आरोप:
- ग्राम पिपरवाह थाना अमानगंज जिला पन्ना की निवासी आरती अहिरवार पिता स्वर्गीय ईश्वर दीन चौधरी की शादी गैसाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम खमरगौर निवासी दसरथ चौधरी के साथ दस माह पूर्व हुई थी।
- परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही आरती को ससुराल में पैसे को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था।
भाई का बयान:
आरती के भाई राकेश अहिरवार ने बताया कि एक माह पूर्व दसरथ ने आरती को मायके से ससुराल लाया था। उन्होंने जीजा को चेतावनी दी थी कि बहन के साथ किसी प्रकार की मारपीट या प्रताड़ना न की जाए।
घटना की सूचना और संदेह:
गुरुवार को परिजनों को सूचना मिली कि आरती ने फांसी लगा ली है। मृतिका की माँ यशोदा चौधरी ने बताया उन्हें संदेह है कि दसरथ ने पहले आरती की हत्या की और उसके बाद शव को फांसी के फंदे से लटका दिया। आरती के शरीर पर चोटों के निशान भी पाए गए हैं।
पुलिस कार्रवाई:
गैसाबाद थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
न्याय की मांग:
मृतका के परिजन चाहते हैं कि पुलिस इस मामले की गहन जांच करें और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Continue With Google
Comments (0)