आलोट। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 पेटी देशी प्लेन शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 26 हजार 400 रुपए बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी पल्लवी गौर के निर्देशन में थाना ताल पुलिस ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने आरोपी विक्रम सिंह पिता शम्भूसिंह सोंधिया राजपूत उम्र 35 वर्ष निवासी दौलतपुरा थाना ताल को पकड़ा। आरोपी के पास से 6 पेटी देशी प्लेन शराब एवं 1 पेटी पावर स्ट्रांग 10000 बीयर कुल 55.460 बल्क लीटर शराब बरामद की गई। शराब की कुल कीमत 26 हजार 400 रुपए आंकी गई है। वहीं शराब परिवहन में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 43 जेडपी 0244 भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना ताल में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, जिससे अवैध शराब लाने-ले जाने के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा सके।

पुलिस के अनुसार आरोपी विक्रम सिंह पर पूर्व में भी विभिन्न अपराधों के 8 मामले दर्ज हैं।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी, उपनिरीक्षक पंकज भम्भोरिया, आरक्षक पवन, भूपेंद्र सिंह, राहुल एवं मनोज की विशेष भूमिका रही।