आलोट क्षेत्र के ग्राम पम्पापुरी के पास बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नागदा-रीछा सीसी रोड पर चल रही एक मारुति वेगनर कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही वाहन में सवार लोगों में हड़कंप मच गया।

जानकारी अनुसार वाहन चालक रामचंद्र पिता मांगीलाल प्रजापत निवासी झरोदिया, थाना आलोट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं उसके साथ मौजूद कमल पिता भेरूलाल आग की चपेट में आ गया, जिससे उसके सिर एवं मूंछ के बाल झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही महिदपुर रोड थाना क्षेत्र की डायल-112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए महिदपुर रोड अस्पताल पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।