वार्ड 18 के टेंडर को लेकर पार्षद अजय उर्फ अज्जू यादव ने किया विवाद

सीएमओ ने बताया—एक साल में वार्ड में लगे 19 टेंडर

अनुशासनहीनता पर जारी होगा नोटिस


टीकमगढ़। शुक्रवार को नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ में आयोजित बजट बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। परिषद के विशेष सम्मेलन में वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर चर्चा होनी थी, लेकिन बैठक शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद वार्ड क्रमांक 18 के पार्षद अजय उर्फ अज्जू यादव द्वारा उठाए गए विवाद के कारण परिषद सभाकक्ष का माहौल गरमा गया। बैठक दोपहर 3 बजे निर्धारित थी, लेकिन पार्षदों के समय पर न पहुंचने के कारण बैठक करीब 3:30 बजे शुरू हो सकी। बैठक में नगर पालिका का अनुमानित आय 2 अरब 50 करोड़ 76 लाख 93 हजार 741 रुपये तथा अनुमानित व्यय 2 अरब 46 करोड़ 22 लाख 9 हजार 915 रुपये का बजट प्रस्ताव रखा गया था। इसके साथ ही 4 करोड़ 54 लाख 83 हजार 827 रुपये की बजट राशि पर परिषद में चर्चा प्रस्तावित थी। बैठक शुरू होते ही वार्ड 18 के पार्षद अजय उर्फ अज्जू यादव ने अपने वार्ड में प्रस्तावित नाली और सीसी सड़क निर्माण के टेंडर को लेकर सवाल उठाते हुए विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने नगर पालिका के उपयंत्री से जवाब मांगा और फिर अध्यक्ष तथा सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया से भी बजट और टेंडर प्रक्रिया को लेकर तीखे सवाल पूछने लगे। इसी दौरान कर्मचारियों द्वारा उन्हें बैठक का एजेंडा उपलब्ध कराया गया, लेकिन एजेंडा मिलने के बाद भी पार्षद अजय यादव नाराज हो गए और तेज आवाज में कर्मचारियों व अन्य पार्षदों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। परिषद के कई पार्षदों ने उन्हें शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे लगातार आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे, जिससे बैठक का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

बॉक्स
पार्षदों को कहा ‘दलाल’, सभाकक्ष में बढ़ा तनाव


हंगामे के दौरान पार्षद अजय उर्फ अज्जू यादव ने परिषद के अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “सभी पार्षद दलाल हैं, पैसे लेकर भाजपा से कांग्रेस और कांग्रेस से भाजपा में चले जाते हैं।” उन्होंने परिषद के कई सदस्यों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग भी किया। उनकी इस टिप्पणी पर अन्य पार्षदों ने कड़ा विरोध जताया और उन्हें मर्यादा में रहने की नसीहत दी। इसी दौरान कांग्रेस पार्षद अरविंद रजक उर्फ अड्डू भी आक्रोशित हो गए और उन्होंने एजेंडा की प्रति फेंक दी। दोनों पक्षों के बीच स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कुछ समय के लिए परिषद कक्ष में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान पार्षद अजय यादव ने गुस्से में कुर्सी भी फेंक दी और लगातार परिषद के सदस्यों पर आरोप लगाते रहे। हालांकि मौके पर मौजूद अन्य पार्षदों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।

बॉक्स
नाश्ता लेकर पहुंचे कर्मचारियों पर भी भड़के

बैठक के दौरान जब नगर पालिका कर्मचारी सभाकक्ष में नाश्ता लेकर पहुंचे तो पार्षद अजय यादव उन पर भी भड़क गए। उन्होंने कर्मचारियों को नाश्ता हटाने और बाहर जाने को कहा तथा कहा कि यहां कोई नाश्ता करने नहीं आया है।
अन्य पार्षदों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे लगातार तेज आवाज में बोलते रहे। इस दौरान सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने भी उन्हें कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार न करने की समझाइश दी, लेकिन वे शांत नहीं हुए।

बॉक्स
हंगामे के बीच आधे घंटे में पास हुआ बजट

करीब आधे घंटे चली परिषद बैठक में तीखी बहस और हंगामे के बीच आखिरकार बजट प्रस्ताव को बहुमत के आधार पर पारित कर दिया गया।
पार्षद रामकुमार यादव ने बैठक के दौरान कहा कि जिस विषय के लिए परिषद की बैठक बुलाई गई थी, उस पर व्यवस्थित चर्चा नहीं हो पा रही है। इसके बाद परिषद के सदस्यों ने बहुमत के आधार पर बजट को पारित करने पर सहमति जताई और प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।

बॉक्स
कांग्रेस पार्षदों ने सीएमओ को सौंपा शिकायत पत्र

बैठक समाप्त होने के बाद कांग्रेस पार्षद सुषमा नायक, संजय नायक, अनीस अहमद, नफीसा बानो, रजनी जायसवाल, अरविंद रजक, रामकुमार यादव और अंशुल जैन ने सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया को एक शिकायती पत्र सौंपा। पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड 18 के पार्षद अजय उर्फ अज्जू यादव ने परिषद के सदस्यों एवं कर्मचारियों के साथ अमर्यादित और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया तथा हंगामा करते हुए सभाकक्ष में कुर्सियां फेंकीं। पार्षदों ने यह भी आशंका जताई कि वे नशीले पदार्थ का सेवन कर बैठक में पहुंचे थे, जिससे परिषद कक्ष में भय और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। पार्षदों ने मांग की कि परिषद की कार्यवाही में बाधा डालने और अमर्यादित व्यवहार करने के मामले में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

बॉक्स
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी

नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने कहा कि परिषद की बैठक में अनुशासन बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कुर्सी फेंकने और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार की घटना को अनुशासनहीनता बताया।
सीएमओ ने बताया कि बैठक के दौरान ही पार्षद को समझाइश दी गई थी और अब इस पूरे प्रकरण में उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका प्रशासन नियमों के तहत कार्य कर रहा है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बॉक्स
सीएमओ ने दी जानकारी – वार्ड 18 में 19 टेंडर जारी

सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर पालिका द्वारा पिछले एक वर्ष में लगभग 200 टेंडर जारी किए गए हैं, जिनमें से 19 टेंडर केवल वार्ड क्रमांक 18 में लगाए गए हैं।
इनमें से 17 टेंडरों के कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं, जबकि दो टेंडरों की आगे की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका में विकास कार्यों की प्रक्रिया नियमानुसार चल रही है और किसी भी वार्ड की उपेक्षा नहीं की जा रही।