भारतीय सेना में चयनित अग्निवीर का विद्यालय में हुआ भव्य स्वागत
केसली (सागर) - मेहनत, लगन और देश सेवा का अदम्य जज्बा हो तो सफलता कदम चूमती है। केसली तहसील के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जमुनिया चिखली के होनहार छात्र अंकित प्रजापति ने इस बात को सच कर दिखाया है। भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित होकर अंकित ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अंकित के कठिन ट्रेनिंग के बाद विद्यालय वापसी पर स्कूल परिवार ने उनका भव्य स्वागत किया। इस गौरवमयी पल के साक्षी बने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं, जिन्होंने अंकित को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राचार्य भरत सिंह परिहार ने साझा की खुशी
विद्यालय के प्राचार्य भरत सिंह परिहार ने छात्रों और स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा, "जब हमारे विद्यालय का कोई छात्र अपनी मेहनत और लगन के बल पर देश की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण और गौरवशाली पद के लिए चुना जाता है, तो यह पूरे संस्थान के लिए गर्व का क्षण होता है। अंकित ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।" प्राचार्य ने अंकित को भविष्य में भी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करने का आशीर्वाद दिया।
वरिष्ठ शिक्षकों ने जताया गर्व
वरिष्ठ शिक्षक अरुण कुमार दुबे ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अंकित की सफलता विद्यार्थियों की क्षमता और प्रतिभा का जीवंत प्रमाण है। इसी तरह, शिक्षक नरेश कुमार यादव ने विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को रेखांकित करते हुए कहा कि जमुनिया चिखली का यह विद्यालय हमेशा से ही प्रतिभावान छात्रों का गढ़ रहा है।
अंकित ने जताया आभार
अंकित प्रजापति ने इस सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों के सही मार्गदर्शन और स्कूल की शारीरिक दक्षता (फिजिकल ट्रेनिंग) को दिया। उन्होंने अगस्त माह में शिवपुरी में आयोजित सेना की कड़ी चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया था, जहाँ उनकी मेहनत रंग लाई। अंकित ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे देश सेवा के दौरान भी अपने विद्यालय के संस्कारों को याद रखेंगे।
कार्यक्रम के समापन पर स्कूल के स्टाफ और सहपाठियों ने अंकित को मिठाई और माला पहनाकर विदाई दी, तथा उनके मंगलमय एवं यशस्वी भविष्य की कामना की।
Continue With Google
Comments (0)