आलोट। श्री महावीर हायर सेकेंडरी स्कूल, आलोट के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों का श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ जैन तीर्थ, उन्हेल में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण आयोजित किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराने के साथ-साथ Fundamentals of Management के व्यावहारिक पक्षों की जानकारी देना रहा।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ के दर्शन-पूजन कर तीर्थ के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को जाना। साथ ही आचार्य श्री मुक्तिसागर जी महाराज के प्रेरणादायी प्रवचनों का श्रवण किया। आचार्य श्री ने विद्यार्थियों को संस्कार, अनुशासन, चरित्र निर्माण एवं नैतिक मूल्यों का महत्व बताते हुए आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर विद्यालय समिति के धर्मचंद जैन, सिरेमल भंडारी, चांदमल जैन एवं पारसमल जैन सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने तीर्थ की सुव्यवस्थित व्यवस्था, समय प्रबंधन, सेवा-भाव, संसाधन प्रबंधन एवं नेतृत्व प्रणाली का अवलोकन कर प्रबंधन के सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप से समझा।

विद्यार्थियों ने श्री राजेन्द्र सूरी दादावाड़ी, श्री जीन कुशल दादावाड़ी एवं श्री हिंग्कार सूरी दादावाड़ी के दर्शन कर जैन संस्कृति एवं परंपरा की विशेष जानकारी प्राप्त की। धर्मचंद जैन ने विद्यार्थियों के प्रबंधन संबंधी प्रश्नों के उत्तर व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से दिए।

इस दौरान विरेंद्र सर, पल्लवी मैडम, पुष्कर सर, प्रीति मैम एवं रिक्की सर ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए प्रबंधन की व्यावहारिक अवधारणाओं को सरल एवं रोचक ढंग से समझाया।

विद्यालय परिवार ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता एवं सांस्कृतिक चेतना को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।