बेगमगंज में नेशनल लोक अदालत का सफल आयोजन: 609 प्रकरणों का हुआ निपटारा

 

बेगमगंज में आज न्यायालय परिसर में आयोजित नेशनल लोक अदालत का उद्घाटन प्रथम जिला न्यायाधीश एवं विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती सविता ओगले ने किया। इस अवसर पर द्वितीय जिला न्यायाधीश सचिन द्विवेदी, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती अन्ना गिलोरी माहेश्वरी, सुश्री श्वेता चौहान समेत अन्य अधिवक्ता और न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस लोक अदालत में विभिन्न खंडपीठों द्वारा कुल 609 प्रकरणों का निपटारा किया गया।

  • प्रथम जिला न्यायाधीश श्रीमती सविता ओगले की खंडपीठ में 19 प्रकरणों का निपटारा हुआ।
  • द्वितीय जिला न्यायाधीश सचिन द्विवेदी की खंडपीठ में 5 प्रकरणों का निपटारा हुआ।
  • न्यायायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती अन्ना गिलोरी माहेश्वरी की खंडपीठ में 34 प्रकरणों का निपटारा हुआ।
  • न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री श्वेता चौहान की खंडपीठ में 32 प्रकरणों का निपटारा हुआ।

मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के प्री-लिटिगेशन में 251 प्रकरणों में 23 लाख 55 हजार 100 रुपए की वसूली की गई। नगर पालिका परिषद के जलकर और संपत्ति कर के 146 प्रकरणों में 7 लाख 49 हजार 176 रुपए और बैंकों के ऋण संबंधी 13 प्रकरणों में 17 लाख 37 हजार रुपए की वसूली की गई।

इसके अतिरिक्त, एसडीएम के राजस्व न्यायालय में 119 प्रकरणों का निराकरण किया गया।

लोक अदालत में निपटाए गए प्रमुख प्रकरण:

  • राजीनामा योग्य अपराधिक प्रकरण
  • मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के क्लेम प्रकरण
  • भरण पोषण, घरेलू हिंसा, और पारिवारिक मामले
  • अपराधिक सिविल राजीनामा योग्य अपील
  • श्रम, विद्युत प्रकरण, और दीवानी मामले
  • नगर पालिका के जलकर और संपत्तिकर वसूली के प्रकरण
  • बैंकों के प्री-लिटिगेशन प्रकरण

इस लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से कई लंबित मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया, जिससे न्यायिक प्रणाली में तेजी और पारदर्शिता आई है।