आमला। बैतूल-बरसाली-आमला मार्ग पर वर्षों से अधूरा पड़ा सड़क निर्माण कार्य आखिरकार प्रशासन की सख्त कार्रवाई के बाद पटरी पर लौट आया है। ग्राम बरसाली के पास लंबे समय से विवादित जमीन पर अवैध कब्जा हटाते हुए प्रशासन ने निर्माण कार्य के लिए रास्ता साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, इस मार्ग के दो स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य बाधित था, जिनमें से एक स्थान पर कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका था, जबकि दूसरे स्थान—ग्राम बरसाली के समीप नदी से लगभग 150 मीटर हिस्से में निर्माण कार्य भूमि विवाद के कारण वर्षों से अधूरा पड़ा था।
*भू-अर्जन के बाद भी नहीं मानी बात*
बताया जाता है कि संबंधित भूमि का विधिवत भू-अर्जन किए जाने के बावजूद एक किसान जमीन खाली करने को तैयार नहीं था। किसान का तर्क था कि सड़क का निर्माण वर्ष 2000 के पुराने मार्ग के अनुसार ही किया जाए।
इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कई बार समझाइश दी गई। एसडीएम, कलेक्टर और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने बार-बार समाधान निकालने की कोशिश की, लेकिन संबंधित व्यक्ति अपनी मांग पर अड़ा रहा।
*विरोध, हंगामा और फिर सख्त कार्रवाई*
9 अप्रैल को पीडब्ल्यूडी और निर्माण एजेंसी की टीम जब मौके पर पहुंची, तो किसान और उसके परिजनों ने विरोध करते हुए हंगामा और गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे निर्माण कार्य बाधित हो गया।
इसके बाद 10 अप्रैल को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की। एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व अमला और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटवाया और सड़क निर्माण के लिए जमीन को मुक्त कराया।
*आंदोलन का भी था दबाव*
अधूरे सड़क निर्माण को लेकर सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा लगातार धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन दिए जा रहे थे। इससे प्रशासन पर कार्य जल्द पूरा कराने का दबाव भी बना हुआ था।
*हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ*
यह मार्ग जिला मुख्यालय तक पहुंचने का सुगम और शॉर्टकट रास्ता माना जाता है, जिससे रोजाना हजारों लोग और मालवाहक वाहन आवागमन करते हैं। सड़क अधूरी होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अब निर्माण कार्य पूरा होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

Continue With Google
Comments (0)