आमला। आमला जनपद क्षेत्र की सबसे बड़ी पंचायत ग्राम खेड़लीबाजार में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। गांव में जगह-जगह कूड़े-कचरे के ढेर लगे हुए हैं और नालियां गंदगी से भरी होने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे ग्रामीणों में बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए नाडेप में क्षमता से अधिक कचरा जमा हो चुका है, लेकिन ग्राम पंचायत द्वारा अभी तक कचरा उठाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नालियां लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिसके चलते गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और लोगों को आवागमन में भी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक वर्ष से गांव में नियमित साफ-सफाई नहीं कराई गई है। कई बार ग्राम पंचायत को शिकायत देने के बावजूद सरपंच और सचिव द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा। पुलिस चौकी के आसपास भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर नालियों की सफाई कराई जाए तो पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकती है और गांव में गंदगी की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। फिलहाल पंचायत की लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

Continue With Google
Comments (0)