आमला, 24 फरवरी 2026। आमला नगर के कसारी मोहल्ला स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में एकल अभियान के तत्वावधान में जिलास्तरीय सत्संग-भजन मंडल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न अंचलों से पहुंचे 10 संचों की भजन मंडलियों ने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं संगीतमय प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रस्तुति के आधार पर बालकृष्ण भजन मंडल, डांगवा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सरताज भजन मंडल, खापाखेड़ा द्वितीय एवं चक्र सुदर्शन भजन मंडल तृतीय स्थान पर रहे। निर्णायक मंडल ने भजनों की शुद्धता, भाव-प्रस्तुति, ताल-लय तथा सामूहिक अनुशासन को प्रमुख मापदंड बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष श्री गणेश यादव रहे। विशेष अतिथियों में अंचल अध्यक्ष श्री भोलाराम वर्मा, श्री सचिन शिवपाल उभनारे, हरिकथा अध्यक्ष सोनू सावले, श्रीमती अंबिका सावले, सुश्री निशा गाढ़वे, श्री लखन यादव, श्री यश गुगनानी, श्री अनूप सोनाने, श्री संदीप देवड़े, श्री शैलेश राठौर, मुक्ता ढोलेकर, अंचल पालक श्री ओमप्रकाश मरावी, अंचल अभियान प्रमुख श्री पप्पू उपराले, कार्यालय प्रमुख श्री प्रकाश साकरे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने एकल अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में भजन-कीर्तन और सत्संग के माध्यम से संस्कार निर्माण, नैतिक शिक्षा तथा सांस्कृतिक चेतना को मजबूत किया जा रहा है। संगीत के जरिए बच्चों और युवाओं में आत्मविश्वास, एकाग्रता और सामाजिक समरसता विकसित होती है, जो राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम का संचालन एवं समापन धन्यवाद-ज्ञापन श्री राम दरबार के साथ हुआ। आयोजन की सफलता में स्थानीय कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों का सराहनीय योगदान रहा।