आमला। नगर के बढ़ईचल वार्ड क्रमांक-9 में उस समय सनसनी फैल गई जब श्रीराम ठाकरे के खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना सामने आई। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 5 बजे खेत मालिक श्रीराम ठाकरे जब अपने खेत में पानी लगाने पहुंचे, तब उन्हें तेज बदबू महसूस हुई। आसपास देखने पर खेत में एक अज्ञात लाश पड़ी दिखाई दी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मौके की बारीकी से जांच की तथा पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आज शव का पीएम कराकर मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।