आमला। नगर के वार्ड क्रमांक-9 भगत सिंह की पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने रेलवे क्षेत्र में खराब सड़कों की समस्या को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि रेलवे रेस्ट हाउस से हॉस्पिटल मोड़ तक की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह बने बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए खतरा बन रहे हैं। यह मार्ग रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही का प्रमुख रास्ता है, जिससे बोडकी, भीम नगर, रेलवे कॉलोनी, एयर फोर्स सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग आवागमन करते हैं।
पार्षद ने बताया कि इसी मार्ग से बच्चों की स्कूल वैन, स्टेशन से आने-जाने वाली ऑटो और अन्य वाहन भी गुजरते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। गड्ढों से निकलने वाले पत्थरों से लोगों के घायल होने की शिकायतें भी सामने आई हैं, वहीं वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने बताया कि इस संबंध में अध्यक्ष महोदय और रेलवे के आईओडब्ल्यू श्री लक्ष्मण से चर्चा की गई है। रेलवे अधिकारियों द्वारा जल्द ही सड़क पर डस्ट-मुरूम डालकर मरम्मत कार्य कराने का आश्वासन दिया गया है, जिससे राहगीरों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और रेलवे विभाग से जल्द से जल्द सड़क सुधार की मांग की है ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके और आवागमन सुरक्षित हो सके।

Continue With Google
Comments (0)