आमला/बोरदेही। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के विकासखंड आमला की उप तहसील बोरदेही में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति, भारत सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन थाना प्रभारी बोरदेही को सौंपते हुए दर्ज एफआईआर को तत्काल वापस लेने और उदय भानु चिब को शीघ्र रिहा करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया जा रहा था। इसी बीच बोरदेही पुलिस मौके पर पहुंची और पुतला दहन रोकने का प्रयास किया। पुतला जलाने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच खींचातानी की स्थिति भी बनी। हालांकि कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगा दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाकर पुतले को अपने कब्जे में ले लिया।
इस कार्रवाई से आक्रोशित युवा कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। बाद में सभी कार्यकर्ता बोरदेही थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पर दर्ज एफआईआर राजनीतिक द्वेष की भावना से प्रेरित है और यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। संगठन ने इसे अलोकतांत्रिक कार्रवाई बताते हुए एफआईआर निरस्त करने और शीघ्र रिहाई की मांग की।
युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। साथ ही प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने की अपील की गई।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मोंटी जैन, युवा उपाध्यक्ष प्रदुम साहू, मोहसीन खान, सीनियर ब्लॉक अध्यक्ष महेश यादव, सनी मंडल, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कोकाटे, मनीष नागले, मोंटी सोनी, हिमांशु साहू, अभय जैन, दिलीप पंडोल, सतीश वरवड़े, अक्षय मंडल, आशीष पंडोल, राहुल मालनपुर, श्याम यदुवंशी एवं भोलाराम पुंडे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)