आमला (जिला बैतूल), 27 फरवरी 2026।

नगर के बस स्टैंड गेज क्षेत्र में स्थित तिरुपति मोबाइल दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। दुकान संचालक सचिन पटने ने थाना आमला में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड स्थित माँ शेरावाली मंदिर के पास संचालित मोबाइल दुकान की ऊपर लगी सीमेंट शीट तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया गया। हालांकि किसी कारणवश चोर वारदात को अंजाम नहीं दे सके और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शिकायत के साथ संदिग्ध का फोटो और सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपा गया है।

दुकानदार का कहना है कि जिस रोड पर दुकान स्थित है, वहां रातभर आवाजाही बनी रहती है और सामने ही पुलिस की 112 सेवा का प्वाइंट भी है। इसके बावजूद चोरी की कोशिश होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जब इस संबंध में पुलिस से चर्चा की गई तो उन्हें यह कहा गया कि “रात में एक-दो बार आकर दुकान देख लिया करो।” इस जवाब से व्यापारियों में असंतोष और नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की है और व्यापारियों को स्वयं निगरानी करने की सलाह देना उचित नहीं है।

गौरतलब है कि करीब 15 दिन पूर्व भी थाना क्षेत्र से लगभग 100 मीटर की दूरी पर चोरों ने एक कार चोरी की थी, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया था। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता व्याप्त है और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।

पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने तथा बस स्टैंड क्षेत्र में नियमित गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है।