आमला (बैतूल)। पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए आमला से रवाना हुए श्रद्धालुओं के जत्थे का गुरुवार को नगर पालिका परिषद आमला के अध्यक्ष नितिन गाडरे द्वारा आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। नगर पालिका परिसर में आयोजित विदाई कार्यक्रम में यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा तिलक लगाकर उन्हें शुभकामनाओं के साथ रवाना किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा बर्फानी के दर्शन प्रत्येक शिव भक्त के लिए सौभाग्य का विषय हैं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित, सुखद और मंगलमय बनाने की प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी श्रद्धालु सकुशल दर्शन कर नगर लौटें और बाबा का आशीर्वाद पूरे नगरवासियों तक पहुंचे।
*ये श्रद्धालु हुए अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना*
आमला से अमरनाथ यात्रा पर रवाना होने वाले श्रद्धालुओं में सुनील उइके, रूपनारायण छेरकी, राजेश देशमुख, प्रकाश देशमुख, राकेश टिटवारे, निखिल कीरोदे, संजय टिकारे, राहुल भागबोले, कमल डांगे, अनिल छेड़की, पिंटू भगत, कृष्ण यादव, संजय देशमुख, प्रमोद सेठिया, राहुल सावनेर, गुड्डू देशमुख एवं डैनी ठाकुर शामिल हैं।
*विदाई समारोह में उमड़ा आस्था का जनसैलाब*
श्रद्धालुओं को विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने यात्रियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल तीर्थयात्रा की कामना की। कार्यक्रम में रवि घाणेकर, उमेश देशमुख, ललित तयवड़े, सतीश वराठे, गुड्डू वर्मा, रोशन साबले, विनोद नागले, लक्ष्मण वाघमारे, निक्की टिकारे सहित अनेक नागरिक मौजूद रहे।
यात्रियों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपस्थित नागरिकों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगरवासियों के स्नेह और शुभकामनाओं के साथ वे बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए रवाना हो रहे हैं तथा सभी के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना करेंगे।
आस्था, श्रद्धा और उत्साह से भरे इस विदाई समारोह ने पूरे नगर में धार्मिक वातावरण का संदेश दिया तथा अमरनाथ यात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालुओं को भावनात्मक और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ उनके पावन सफर के लिए विदा किया गया।