आलोट। नगर का सबसे व्यस्ततम बस स्टैंड मार्ग और शासकीय अस्पताल तक जाने वाली प्रमुख सड़क इन दिनों शनिवार को सब्जी बाजार में तब्दील हो जाती है। नियमों को ताक पर रखकर सब्जी विक्रेता सड़क के दोनों ओर ठेले, गाड़ियां और दुकानें लगाकर कारोबार करते हैं। हालात यह हैं कि आम राहगीरों के साथ बसों और अस्पताल पहुंचने वाली एंबुलेंस 108 को भी कई बार जाम में फंसना पड़ता है।
तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क के बड़े हिस्से पर सब्जी विक्रेताओं ने कब्जा कर रखा है। एक ओर सब्जी खरीदने वाले लोगों की भीड़ और दूसरी ओर सड़क पर खड़े दोपहिया वाहनों के कारण आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। ऐसे में किसी आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के लिए यह अव्यवस्था गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है।
केवल शनिवार की समस्या नहीं
यह समस्या केवल शनिवार को लगने वाले हाट तक सीमित नहीं है। नगर के कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर भी ठेला एवं हाथगाड़ी संचालक सड़क किनारे या सड़क के हिस्से में खड़े होकर सब्जी सहित अन्य सामान बेचते नजर आते हैं। इससे कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। नागरिकों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों को स्थिति की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
लाखों खर्च कर बनाई नवीन सब्जी मंडी, फिर सड़क पर क्यों?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि नगर परिषद द्वारा लाखों रुपए खर्च कर नवीन सब्जी मंडी का निर्माण कराया गया है, तो फिर सब्जी विक्रेताओं को मुख्य सड़क पर बैठकर कारोबार करने की नौबत क्यों आ रही है? नागरिकों के अनुसार नवीन सब्जी मंडी में भी अव्यवस्था और अन्य कब्जों के चलते पर्याप्त रूप से व्यवस्थित तरीके से सब्जी विक्रेताओं का संचालन नहीं हो पा रहा है। नतीजा यह है कि हर शनिवार मुख्य मार्ग पर ही बाजार सज जाता है और सड़क का बड़ा हिस्सा आवागमन के लिए बाधित हो जाता है।
जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
नागरिकों का कहना है कि यदि सब्जी विक्रेताओं के लिए निर्धारित स्थान है तो उन्हें वहीं व्यवस्थित किया जाना चाहिए। साथ ही सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों पर कार्रवाई होना जरूरी है। सवाल यह भी है कि बस स्टैंड और सरकारी अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ने वाले मार्ग पर बार-बार लगने वाले इस बाजार की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? क्या किसी बड़ी दुर्घटना या आपात स्थिति के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलेगी?
Continue With Google
Comments (0)