आमला। आमला तहसील के ग्राम बम्हनी पंखा में मुलताई-बोरदेही मुख्य मार्ग पर स्थित शासकीय यात्री प्रतीक्षालय इन दिनों कथित अवैध अतिक्रमण की चपेट में है। प्रतीक्षालय में दुकानों का संचालन और असामाजिक तत्वों के जमावड़े के कारण बस यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने एक बार फिर कलेक्टर बैतूल एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आमला को ज्ञापन सौंपकर तत्काल अतिक्रमण हटाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायत खेड़ली बाजार के अंतर्गत ग्राम बम्हनी पंखा स्थित शासकीय यात्री प्रतीक्षालय पर कुछ लोगों ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर दुकानें संचालित कर ली हैं। इससे यात्रियों के बैठने और बस की प्रतीक्षा करने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचा है। जिस उद्देश्य से प्रतीक्षालय का निर्माण किया गया था, वह पूरी तरह प्रभावित हो गया है और आम नागरिक इसकी सुविधा से वंचित हो रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में 28 अप्रैल को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आमला को लिखित आवेदन देकर अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि प्रतीक्षालय परिसर में सुबह से शाम तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जहां शराबखोरी और अभद्र भाषा का प्रयोग होता है। इससे विशेषकर महिलाओं और छात्राओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि शासकीय यात्री प्रतीक्षालय से तत्काल अवैध अतिक्रमण हटाया जाए, पूर्व में दिए गए आवेदन पर कार्रवाई नहीं होने के कारणों की जांच कर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए, प्रतीक्षालय को अतिक्रमण मुक्त कर आमजन के उपयोग के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जाए तथा परिसर में होने वाली असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन सौंपने वालों में जगदीश धोटे, श्याम गिरी महाराज, श्याम बसंता प्रजापति, बिहारी ठेकेदार, अंगत पवार, गजानंद पोटफोड़े, मुकेश (पप्पू) गायकवाड़, अशोक नागले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।