भोपाल। द्विभाषी लेखिका एवं समाजसेवी शशि दीप की तीसरी पुस्तक ‘अंतर्मन का उद्घोष’ को पाठकों का शानदार प्रतिसाद मिल रहा है। चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर प्रकाशित यह पुस्तक फ्लिपकार्ट ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होते ही पाठकों के बीच चर्चा का विषय बन गई है और इसकी बुकिंग तेजी से बढ़ रही है।

जानकारी के अनुसार, हैदराबाद निवासी वरिष्ठ पत्रकार मीर मोहम्मद और मुंबई की दिशा व्यास इस पुस्तक के प्रथम और द्वितीय पाठक बने। पुस्तक प्रकाशित होते ही दोनों ने इसे ऑर्डर किया, वहीं दिशा व्यास ने लेखिका शशि दीप से इस पुस्तक की हस्ताक्षरित दो प्रतियां भी प्राप्त कीं।

यह पुस्तक दिल्ली के चर्चित प्रकाशन संस्थान समृद्ध पब्लिकेशन से चयन प्रक्रिया के बाद प्रकाशित हुई है। पुस्तक को सोशल मीडिया पर भी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और यह रील एवं रियल दोनों माध्यमों में चर्चा बटोर रही है।

‘अंतर्मन का उद्घोष’ दरअसल शशि दीप द्वारा विभिन्न विषयों पर लिखे गए उत्कृष्ट समसामयिक आलेखों का संग्रह है। लेखिका की सहज, संवेदनशील और विश्लेषणात्मक शैली में लिखी गई यह पुस्तक जीवन की विविध घटनाओं और अनुभवों का गहन विश्लेषण प्रस्तुत करती है। पुस्तक का मूल स्वर पाठकों को सकारात्मक सोच, आत्ममंथन और जीवन के गहरे अर्थों की ओर प्रेरित करना है।

लेखिका का मानना है कि उत्साह, प्रेम और संवेदनशीलता से भरा जीवन व्यक्ति को ईश्वरीय अनुग्रह का अनुभव कराता है और जीवन के महत्वपूर्ण पक्षों को समझने में सहायता करता है। पुस्तक में वर्णित वास्तविक घटनाएं पाठकों को अपने जीवन के अनुभवों से जुड़ने का अवसर देती हैं।

शशि दीप की इससे पूर्व प्रकाशित पुस्तकें ‘Waves Within’ और ‘साहित्य शिखा’ भी पाठकों द्वारा काफी सराही जा चुकी हैं। यही कारण है कि ‘अंतर्मन का उद्घोष’ के प्रति भी प्रारंभ से ही पाठकों में उत्सुकता बनी रही और इसकी अग्रिम बुकिंग भी शुरू हो गई थी।

इस पुस्तक के आकर्षक कवर और शीर्षक का श्रेय पत्रकारों के प्रहरी, पांच पुस्तकों के लेखक एवं लेखनी व पब्लिकेशन क्षेत्र में 30 वर्षों का अनुभव रखने वाले डॉ. सैयद खालिद कैस को दिया जा रहा है, जिन्होंने पुस्तक को एक विशिष्ट पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

लेखिका शशि दीप हमेशा से सामाजिक, संवेदनशील और गंभीर विषयों पर लेखन करती रही हैं। उनके लेखन की सराहना देशभर के धर्मगुरु, लेखक, विचारक और साहित्यप्रेमी करते रहे हैं।

पुस्तक का कवर जारी होते ही प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स सहित साहित्य और पत्रकारिता जगत की अनेक विभूतियों द्वारा लेखिका को शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। दिलचस्प बात यह भी है कि इस पुस्तक पर आधारित मेटा एआई समीक्षा भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसने पाठकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।

किताब के प्रकाशन के बाद अब देशभर के साहित्यप्रेमी, पत्रकार, पाठक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोग इसे पढ़ने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।