बैतूल। रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस सेवा दल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष अनुराग मिश्रा ने आरोप लगाया है कि रसोई गैस के दाम बढ़ाकर भाजपा सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई पर सीधा डाका डाला है और महंगाई का नया बोझ जनता पर थोप दिया है।
अनुराग मिश्रा ने जारी बयान में कहा कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी कर केंद्र सरकार ने एक बार फिर गरीब, मध्यम वर्गीय और मेहनतकश जनता को महंगाई की मार के नीचे दबा दिया है।
उन्होंने कहा कि यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब खुद केंद्र सरकार और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन यह स्पष्ट कर चुके हैं कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है।
अनुराग मिश्रा ने बताया कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने हाल ही में सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को भी खारिज किया है, जिनमें देश में ईंधन की कमी का दावा किया जा रहा था। कॉरपोरेशन ने इन खबरों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कहा कि देश के पास कई स्रोतों से पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति उपलब्ध है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब देश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और सप्लाई भी पर्याप्त है तो फिर रसोई गैस की कीमतों में यह बढ़ोतरी क्यों की गई। अनुराग मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने और जनता को राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन हकीकत इसके विपरीत नजर आ रही है।
उन्होंने मांग की कि रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए। साथ ही आरोप लगाया कि केंद्र सरकार तेल, गैस और उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने में भी कमजोर साबित हो रही है। उनके अनुसार सरकार की विदेश नीति का असर भी अंततः देश की आम जनता को ही भुगतना पड़ रहा है।

Continue With Google
Comments (0)