आमला। वार्ड क्रमांक-9 भगत सिंह बस स्टैंड, बल्लाचाल एवं बड़ाईचाल क्षेत्र की पार्षद तथा यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने जनहित से जुड़ी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपते हुए 10 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं होने पर 16 जुलाई को मां चंद्रभागा नदी के पुल पर चक्का जाम आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
पार्षद ने अपने ज्ञापन में कहा कि पूर्व में भी कई बार विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी केवल टालमटोल कर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते हुए अपनी जवाबदेही से बच रहे हैं, जिससे आम जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 10 दिनों के भीतर जनहित की मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो 16 जुलाई को दोपहर 12 बजे अपने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र की जनता के साथ मां चंद्रभागा नदी के पुल पर चक्का जाम किया जाएगा। आंदोलन के दौरान यदि किसी प्रकार की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
*पार्षद की प्रमुख 9 मांगें इस प्रकार हैं—*
मां चंद्रभागा नदी के दोनों ओर सुरक्षा रेलिंग एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए।
नगर की सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प एवं मरम्मत कराई जाए।
नगर की सभी टूटी एवं गड्ढायुक्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए।
बस स्टैंड के पास रेल पटरी मार्ग की जर्जर सड़क का निर्माण एवं मरम्मत की जाए।
शनिचरा बाजार स्थित नगर पालिका की 10 दुकानों की पारदर्शी नीलामी कराई जाए।
किसानों को खाद एवं बीज की सुचारु और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
नगर की संकरी गलियों में तीन पहिया ऑटो के माध्यम से घर-घर गैस सिलेंडर वितरण सेवा शुरू की जाए।
आमला के फुटकर व्यापारियों को व्यवस्थित कर उन्हें स्थायी दुकानें आवंटित की जाएं।
बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कर उनमें आवश्यक सुधार किया जाए।
पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि नगरवासियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से समय रहते सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि आंदोलन की नौबत न आए।
Continue With Google
Comments (0)