आमला। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग बैतूल एवं पुलिस अधीक्षक बैतूल के मार्गदर्शन में आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2026 का भव्य एवं रंगारंग समापन रेलवे इंस्टीट्यूट सभागृह, रेलवे कॉलोनी आमला में उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। एक माह तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों ने खेलों के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, स्मृति चिन्ह और पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मान प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह के मुख्य अतिथि थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रेलवे कॉलोनी वार्ड की पार्षद ओमवती विश्वकर्मा ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में रेलवे इंस्टीट्यूट आमला के सचिव राकेश चौकीकर, नेरेमयू आमला रनिंग शाखा अध्यक्ष राजेश कोसे, चेयरमैन शेख शफी, वरिष्ठ यूनियन पदाधिकारी एम.के. ठेपे, पवन मिश्रा, अनिल सोनी, यशवंत चढ़ोकार, डॉ. प्रदीप जयंत, पवन देशमुख, कृष्णकांत शर्मा, उमेश साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर के संयोजक रामनारायण शुक्ला एवं प्रशिक्षक हरिभाऊ झरबड़े तथा रोशन पटवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में एक माह के दौरान सौ से अधिक बच्चों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को हॉकी, खो-खो सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही नशा मुक्ति विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शैक्षणिक भ्रमण एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे बच्चों को खेल के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों की भी सीख मिली।
मुख्य अतिथि टीआई मुकेश ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का सशक्त साधन हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समर कैंप बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं।
विशिष्ट अतिथि शेख शफी एवं राजेश कोसे ने कहा कि बच्चों को उनकी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना चाहिए और ऐसे शिविर इसी उद्देश्य को पूरा करते हैं। वहीं रेलवे इंस्टीट्यूट के सचिव राकेश चौकीकर ने कहा कि रेलवे इंस्टीट्यूट हमेशा खेल और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए तत्पर रहा है। हमारा प्रयास है कि यहां से निकलने वाली प्रतिभाएं जिले और प्रदेश स्तर पर आमला का नाम रोशन करें।
प्रगतिशील व्यापारी संघ के अध्यक्ष अनिल सोनी ने कहा कि बच्चों की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए इस प्रकार के शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि समर कैंप ने बच्चों को छुट्टियों का सदुपयोग करने का अवसर प्रदान किया है।
समारोह का एक विशेष आकर्षण वह क्षण रहा जब प्रतिभागी कार्तिक अड़लक ने प्रभावशाली भाषण एवं कविता के माध्यम से समर कैंप के अनुभवों को साझा किया। उनकी प्रस्तुति से प्रभावित होकर मुख्य अतिथि टीआई मुकेश ठाकुर ने उन्हें विशेष पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान शिविर के प्रशिक्षक हरिभाऊ झरबड़े, रोशन पटवारी एवं सुरेश सागर का सम्मान किया गया। वहीं सामाजिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली रजनी झरबड़े और क्षमा झा को भी सम्मानित किया गया।
इस सफल आयोजन में रेलवे इंस्टीट्यूट आमला, सहयोग फाउंडेशन आमला, प्रगतिशील व्यापारी संघ आमला तथा पार्षद ओमवती विश्वकर्मा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन मनोज विश्वकर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सदाराम झरबड़े ने व्यक्त किया।
समापन समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, खेल प्रेमी एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने न केवल बच्चों को सम्मान और प्रोत्साहन दिया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि खेल ही स्वस्थ, सशक्त और संस्कारित समाज की नींव हैं।