डबरा शहर के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। वर्षों से रेल फाटकों पर लगने वाले जाम से परेशान नागरिकों को अब जल्द ही इस समस्या से छुटकारा मिल सकता है। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी डिवीजन ने रेलवे ओवरब्रिज यानी ROB निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रेलवे द्वारा जारी टेंडर के अनुसार बीना-धौलपुर रेलखंड पर गेट क्रमांक 349, 394 और 434 पर दो लेन के आरओबी का निर्माण किया जाएगा। इनमें डबरा का गेट नंबर 394 सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां करीब 44 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से ओवरब्रिज बनाया जाएगा।
टेंडर की अंतिम तिथि 28 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। आरओबी निर्माण के बाद शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा और लोगों को घंटों के जाम से राहत मिलेगी।
बताया जा रहा है कि इस परियोजना के लिए क्षेत्रीय सांसद भरत सिंह कुशवाहा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मांग रखी थी, जिसके बाद रेलवे ने इस दिशा में तेजी से कदम बढ़ाया है।
आरओबी बनने से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा और आपातकालीन सेवाओं को भी गति मिलेगी। शहरवासियों और समाजसेवियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए सांसद का आभार जताया है।
अब सबकी नजरें टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण कार्य जल्द शुरू होने पर टिकी हैं। अगर सब कुछ तय समय पर हुआ, तो डबरा शहर को जाम की बड़ी समस्या से स्थायी राहत मिल सकती है।

Continue With Google
Comments (0)