हरदा में मूंग खरीदी को लेकर भारतीय किसान संघ का उग्र आंदोलन जारी
हरदा जिले में मूंग खरीदी की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। पिछले पांच दिनों से मंडी प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसानों ने आज थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन किया और रैली निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया।
किसानों का आरोप है कि समाजहित में आयोजित रक्तदान शिविर के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा ब्लड कलेक्शन वाहन नहीं भेजा गया, जिससे रक्तदान नहीं हो सका। नाराज किसानों ने चेतावनी दी है कि जब तक सीएमएचओ सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, वे धरना स्थल पर वापस नहीं लौटेंगे।
मूंग खरीदी की मांग पर अड़े किसान
हरदा जिला मुख्यालय के कृषि उपज मंडी प्रांगण में भारतीय किसान संघ पिछले पांच दिनों से मूंग खरीदी शुरू करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर डटे हुए हैं। आंदोलन के पांचवें दिन किसानों ने समाजहित में रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया, लेकिन आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लड कलेक्शन वाहन नहीं भेजा गया, जिससे किसानों में भारी नाराजगी फैल गई।
आक्रोशित किसानों ने मंडी प्रांगण से थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया और रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान किसानों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रक्तदान जैसे सामाजिक कार्य की भी उपेक्षा की गई, जिसे वे किसानों का अपमान मानते हैं।
किसान नेताओं की चेतावनी
किसान नेता राजनारायण गौर का कहना है कि किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक वे धरना स्थल पर वापस नहीं जाएंगे। साथ ही मूंग खरीदी शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने का भी ऐलान किया गया।
प्रशासन का बयान
अशोक कुमार डेहरिया, एसडीएम हरदा का कहना है कि सुरक्षा कारणों से धरना स्थल पर ब्लड डोनेशन वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया था। लेकिन सीएमएचओ से बात करने के बाद वाहन कल उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके बाद किसान धरना स्थल पर वापस लौट गए।
इस घटना ने किसान आंदोलन को और उग्र बना दिया है, और प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी कर दी है कि वो कैसे इस आंदोलन को शांतिपूर्ण तरीके से समाधान करें।
Continue With Google
Comments (0)