बैतूल। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सख्ती का असर नजर आने लगा है। बैतूल में थाना गंज पुलिस ने चाकूबाजी की गंभीर वारदात का मात्र 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, फरियादी प्रेम धुर्व (उम्र 20 वर्ष), निवासी कोठी बाजार, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी दीपेन्द्र हरोडे, अंशुल झरबड़े और ध्रुव पांडे ने उसे हमलापुर क्षेत्र में बुलाकर जान से मारने की नीयत से मारपीट की। इस दौरान दीपेन्द्र हरोडे और ध्रुव पांडे ने चाकू से उसके सीने में वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

*गंभीर धाराओं में मामला दर्ज*

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना गंज में अपराध क्रमांक 95/26 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

*पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई*

वीरेन्द्र जैन (पुलिस अधीक्षक, बैतूल) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने हमलापुर क्षेत्र में दबिश देकर तीनों आरोपियों को धर दबोचा—

ध्रुव पांडे उर्फ ध्रुव मासोदकर (18 वर्ष)

दीपेन्द्र हरोडे (25 वर्ष)

अंशुल झरबड़े (24 वर्ष)

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ध्रुव पांडे के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।

 *न्यायालय में पेश, आगे की कार्रवाई जारी*

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

*इनकी रही सराहनीय भूमिका*

इस कार्रवाई में निरीक्षक नीरज पाल, उपनिरीक्षक संदीप परतेती, एएसआई किशोरीलाल सल्लाम, प्रधान आरक्षक अंकित अग्निहोत्री सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

*एसपी की अपील*

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही युवाओं से आवेश में आकर हिंसात्मक घटनाओं से दूर रहने और कानून का पालन करने की समझाइश दी है।