हाइवे पर पलटी तेज रफ्तार मारुति इको कार, 6 फीट गहरी खाई में गिरी कार — युवती की मौके पर मौत, माता-पिता गंभीर घायल
मुलताई (बैतूल)। नेशनल हाईवे पर ग्राम मालेगांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई और करीब 6 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण सड़क हादसे में कार में सवार 21 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक को भी चोट आई है।
जानकारी के अनुसार साईखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी धनराज विश्वकर्मा (54), उनकी पत्नी माया विश्वकर्मा (47), पुत्री आरती (21) और प्रीतम पिता पंकज राय कार से नागपुर (महाराष्ट्र) में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। सोमवार को कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंगलवार को चारों लोग मारुति इको कार से वापस साईखेड़ा लौट रहे थे।
इसी दौरान मुलताई के समीप ग्राम मालेगांव के पास कार चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। तेज रफ्तार कार हाईवे से पलटते हुए नीचे खाई में जा गिरी और कार के चारों पहिए ऊपर हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि आरती की मौके पर ही मौत हो गई वहीं धनराज और मायाबाई के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि प्रीतम को मामूली चोट आई है। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया वही पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Continue With Google
Comments (0)