बैतूल। जिले में नाबालिग बालिका अपहरण के गंभीर मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में थाना मोहदा पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मोहदा में दर्ज अपराध क्रमांक 159/2025 के तहत नाबालिग बालिका के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। फरियादी, निवासी पिपरिया ने 6 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री 4 नवंबर की शाम घर से बिना बताए लापता हो गई थी, जिसे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एसडीओपी भैंसदेही के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं साइबर सेल की मदद से लगातार तलाश जारी रखी। जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी बालिका को बहला-फुसलाकर महाराष्ट्र ले गया था।

पुलिस ने 19 मार्च 2026 को बालिका को सकुशल बरामद कर लिया तथा मुख्य आरोपी सागर पिता सुभाष दशपुरे निवासी सावालापुर जिला अमरावती (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया। आरोपी को 20 मार्च को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सागर ने बालिका को 1.50 लाख रुपये में अन्य आरोपियों को बेच दिया था। इस मामले में सहयोग करने वाले आरोपी धर्मू निवासी चारवा जिला हरदा एवं सुनील पिता सुभाष पटेल निवासी सावालापुर जिला अमरावती को 1 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार एक अन्य आरोपी शिवप्रसाद यादव निवासी पिपरिया अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इस पूरी कार्रवाई में थाना मोहदा पुलिस एवं साइबर सेल की सराहनीय भूमिका रही है।

पुलिस अधीक्षक की अपील

पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सजग रहें और उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या गुमशुदगी की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई कर अपराधों की रोकथाम की जा सके।

— PRO पुलिस बैतूल