मुलताई दौरे पर पहुंचे नर्मदापुरम संभाग आयुक्त के. जी. तिवारी, ओलावृष्टि प्रभावित किसानों से की मुलाकात।

मुलताई। नर्मदापुरम संभाग आयुक्त के. जी. तिवारी ने मुलताई पहुंचकर ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों से मुलाकात की। 
उन्होंने जम्बाड़ी और धारणी क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं और फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया।
इस दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में कोई भी प्रभावित किसान छूटना नहीं चाहिए। 
उन्होंने कहा कि सभी पात्र किसानों का निष्पक्ष और शीघ्र सर्वे कर उन्हें राहत दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
दौरे के दौरान कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी,जिला पंचायत सी ई ओ अक्षत जैन,एसडीएम राजीव कहार सहित कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। 
वही अधिकारियों ने आयुक्त को क्षेत्र की स्थिति और अब तक की गई कार्यवाही से अवगत कराया।
इसके पश्चात आयुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचकर सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान की समीक्षा की, उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंच सके।
आयुक्त के दौरे से किसानों और आमजन में राहत की उम्मीद जगी है,प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई के आश्वासन से प्रभावितों को जल्द सहायता मिलने की संभावना बनी हुई है।