बैतूल। जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुलताई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खेतों से मोटर, बिजली वायर और सिंचाई उपकरण चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने करीब ₹1.42 लाख का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी मुलताई श्री एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार थाना मुलताई में ग्राम ताईखेड़ा निवासी फरियादी दिलीप पिता श्रीराम धाकड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बिजली वायर एवं मोटर चोरी कर लिए गए हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गांव के अन्य किसानों — सुभाष किराड़, सखाराम दौडके, वामन डंडारे, मुन्ना नरबरे एवं तुकाराम सूर्यवंशी के खेतों से भी चोरी की वारदात हुई है। मामले में थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 365/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ग्राम ताईखेड़ा निवासी रवि पिता गुलाब बरोदे (32 वर्ष) को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी गया सामान बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्टार्टर, 5715 फीट बिजली वायर तथा दो पानी की मोटर जब्त की हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग ₹1 लाख 42 हजार बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर 14 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, सउनि एम.एल. गुप्ता, प्रधान आरक्षक गजराज, आरक्षक गोपाल, विवेक, सेवाराम, प्रिंस, नरेन्द्र कुशवाह, बलराम (सायबर सेल) एवं कमलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से अपील की है कि खेतों में लगे मोटर पंप और विद्युत उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।