मुलताई। रंग पंचमी के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद, माँ ताप्ती शाखा मुलताई द्वारा सामाजिक समरसता और आपसी प्रेम का प्रेरणादायी संदेश दिया गया। परिषद के सदस्यों ने मुलताई में किन्नर समुदाय के निवास स्थान पर पहुंचकर उन्हें रंग पंचमी की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ मिलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।

इस दौरान परिषद के सदस्यों ने किन्नर समुदाय के लोगों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें गुलाल लगाकर रंग पंचमी की बधाई दी तथा मिष्ठान खिलाकर और भेंट देकर पर्व का आनंद साझा किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी सम्मान, प्रेम और समानता की भावना को मजबूत करना था।

परिषद के सदस्यों ने कहा कि किन्नर समुदाय लंबे समय से समाज की मुख्य धारा से कुछ हद तक दूर रहा है। ऐसे में उनके बीच जाकर त्योहार की खुशियां बांटना सामाजिक समरसता की दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल है। इस पहल से यह संदेश जाता है कि समाज में हर व्यक्ति समान सम्मान और अपनत्व का अधिकारी है।

इस अवसर पर परिषद के जिला समन्वयक राजीव जैन, शाखा अध्यक्ष प्रशांत भार्गव, मुकेश जैन, देवेंद्र धोपाड़े, अभिषेक खंडेलवाल, संदीप तारे, भारत भूषण चौधरी, डॉ. राजेंद्र ठाकुर, सुनेंद्र देशमुख, विनोद जैन और सुमित पंजाबी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को रंग पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।