आमला। यात्री सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को आरटीओ विभाग ने शहर के बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बस ऑपरेटरों और वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया तथा कई चालक अपने दस्तावेज व्यवस्थित करते नजर आए।

जानकारी के अनुसार आरटीओ अधिकारी अनुराग शुक्ला के नेतृत्व में विभागीय टीम ने यात्री बसों, टैक्सी वाहनों एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान वाहनों के रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। जांच में कई वाहन निर्धारित नियमों का पालन करते नहीं पाए गए, जिस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।

जांच के दौरान वेदांस बस और सूर्यवंशी बस के पास वैध परमिट नहीं मिलने पर दोनों वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं दस्तावेजों और तकनीकी मानकों की जांच के दौरान आरती बस की फिटनेस में खामियां पाए जाने पर उसकी फिटनेस निरस्त करने की कार्रवाई की गई।

आरटीओ अधिकारियों ने वाहन संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन करना मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन किसी भी स्थिति में सड़क पर संचालित नहीं होने दिए जाएंगे।

अचानक हुई जांच कार्रवाई के चलते बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कई वाहन चालक और संचालक अपने दस्तावेजों की जांच एवं व्यवस्था करते दिखाई दिए। विभाग की इस कार्रवाई के बाद वाहन संचालकों में नियमों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ी है।

आरटीओ विभाग ने संकेत दिए हैं कि जिले में आगे भी इसी तरह के अचानक जांच अभियान चलाए जाएंगे और बिना परमिट, फिटनेस, बीमा अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के वाहन संचालित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।