तहसील परिसर में गंदगी और अवैध कब्जों को लेकर शिकायत, साफ-सफाई व अतिक्रमण हटाने की मांग
मुलताई। तहसील परिसर में बढ़ती गंदगी, शौचालयों की खराब सफाई व्यवस्था और अवैध कब्जों को लेकर जनसुनवाई में जनआंदोलन मंच के अनिल सोनी नें अनुविभागीय राजस्व अधिकारी (एसडीएम) मुलताई को शिकायत की है। शिकायत में तहसील परिसर की व्यवस्थाओं को सुधारने और अतिक्रमण हटाने की मांग की गई है।
शिकायत में बताया गया है कि पहले तहसील परिसर हरा-भरा और व्यवस्थित हुआ करता था, लेकिन अब परिसर में हरियाली लगभग समाप्त हो गई है। परिसर के बाहर पूर्व एसडीएम द्वारा लगाई गई पोल फेंसिंग भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण वहां अवैध दुकानें संचालित हो रही हैं और अतिक्रमण की स्थिति बन गई है। शिकायतकर्ता ने इन अवैध दुकानों और कब्जों को हटाने के लिए प्रशासन से आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।
साथ ही परिसर को पुनः हरा-भरा बनाने के लिए नगर पालिका से टैंकर के माध्यम से नियमित सिंचाई कराने की भी मांग की गई है। इसके अलावा तहसील कार्यालय के अंदर स्थित शौचालयों में गंदगी की समस्या को गंभीर बताते हुए प्रतिदिन नगर पालिका के सफाई कर्मियों से शौचालय सीट और परिसर की साफ-सफाई कराने के निर्देश देने का आग्रह किया गया है।
शिकायत में उम्मीद जताई गई है कि प्रशासन इस ओर ध्यान देकर तहसील परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

Continue With Google
Comments (0)