आमला।जनपद पंचायत आमला अंतर्गत ग्राम उमरिया के मेही रोड स्थित मोहल्ले में लंबे समय से बिजली व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। क्षेत्र के रहवासी लो वोल्टेज, अनियमित बिजली आपूर्ति और अचानक वोल्टेज बढ़ने की समस्या से जूझ रहे हैं। परेशान ग्रामीणों ने अब सामूहिक रूप से विद्युत विभाग के खिलाफ आवाज उठाते हुए अधिशासी अभियंता, विद्युत विभाग बैतूल को शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई महीनों से मोहल्ले में बिजली की स्थिति अत्यंत खराब बनी हुई है। कभी वोल्टेज इतना कम रहता है कि पंखे, कूलर, पानी की मोटर, टीवी, फ्रिज और अन्य घरेलू उपकरण ठीक से नहीं चल पाते, तो कभी अचानक वोल्टेज इतना अधिक हो जाता है कि कई लोगों के विद्युत उपकरण खराब हो चुके हैं। इससे ग्रामीणों को लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बिजली समस्या से जनजीवन प्रभावित

ग्रामीणों ने बताया कि खराब बिजली आपूर्ति के कारण न सिर्फ घरों का सामान्य कामकाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। गर्मी के मौसम में लो वोल्टेज के चलते पंखे और कूलर तक सही से नहीं चल पा रहे, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

लाइन सुधार और स्थायी समाधान की मांग

शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित क्षेत्र की विद्युत लाइन, ट्रांसफार्मर और सप्लाई व्यवस्था की तत्काल जांच कराई जाए तथा लो वोल्टेज और ओवर वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का निराकरण नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में वे बड़े जनआंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

इस सामूहिक शिकायत पत्र में ग्राम पंचायत उमरिया के सरपंच सहित अनेक ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपनी नाराजगी जताई है। अब देखना यह होगा कि विद्युत विभाग इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है।