आमला। स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाली नगर पालिका परिषद आमला की व्यवस्थाओं की हकीकत वार्ड क्रमांक-14 में देखने को मिल रही है। पुरानी पुलिस चौकी के पीछे स्थित मोहल्ले में पिछले कई दिनों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा पूरी तरह प्रभावित है। कचरा वाहन क्षेत्र में नहीं पहुंचने से रहवासियों को मजबूरी में घरों का कचरा लेकर करीब 100 मीटर दूर मुख्य सड़क तक जाना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह परेशानी और अधिक बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिक राज उकंडे और शुभम ने बताया कि नगर पालिका पूरे शहर में घर-घर से कचरा एकत्रित करने का दावा करती है, लेकिन उनके मोहल्ले को इस सुविधा से वंचित रखा गया है। कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मौखिक रूप से शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि बारिश में कीचड़ और फिसलन के बीच दूर जाकर कचरा डालना महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए काफी मुश्किल हो जाता है।
रहवासियों का कहना है कि समय पर कचरा नहीं उठने से क्षेत्र में गंदगी फैलने का खतरा बढ़ रहा है। यदि जल्द ही नियमित कचरा संग्रहण शुरू नहीं हुआ तो लोगों को मजबूर होकर सड़क पर ही कचरा डालना पड़ेगा, जिससे स्वच्छता अभियान की मंशा पर भी सवाल खड़े होंगे।
लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि अन्य वार्डों की तरह उनके क्षेत्र में भी नियमित रूप से कचरा वाहन भेजा जाए या फिर ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था की जाए जिससे प्रत्येक घर से कचरा समय पर एकत्रित हो सके।
*इनका कहना है*
"वार्ड की गलियां काफी संकरी हैं और कई जगह रहवासियों द्वारा सड़क पर वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। इसी कारण कचरा वाहन अंदर तक नहीं पहुंच पाता। अब संबंधित क्षेत्र में हाथ रिक्शे के माध्यम से नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था कराई जाएगी।"
*उल्लास जोशी*
*प्रभारी, साफ-सफाई एवं कचरा प्रबंधन*
*नगर पालिका परिषद, आमला*
Continue With Google
Comments (0)