उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने किया टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

निर्माण कार्यों व यात्री सुविधाओं की समीक्षा

टीकमगढ़। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अपनी टीम के साथ टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों से सीधे संवाद कर सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। महाप्रबंधक झांसी–बीना एवं ललितपुर–खजुराहो रेल खंड के दौरे पर थे। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज तथा धौर्रा–जाखलौन रेल खंड में तीसरी लाइन के कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने रेल पथ, सिग्नलिंग सिस्टम और ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) की बारीकी से जांच करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। यात्री सुविधाओं और स्वच्छता पर विशेष जोर
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित हो रहे टीकमगढ़ स्टेशन पर महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वाटर बूथ, शौचालयों और सर्कुलेटिंग एरिया की व्यवस्था को देखा और स्टेशन परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि शौचालय एवं वाटर बूथ के आसपास गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान यात्रियों ने महाप्रबंधक से दिल्ली और भोपाल के लिए नई ट्रेनें शुरू करने की मांग भी रखी, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मांगों से अवगत रहने और उच्च स्तर पर प्रस्ताव भेजने के संकेत दिए।

सीनियर अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर महाप्रबंधक के साथ झांसी मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिरुद्ध कुमार सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पूरी टीम ने ललितपुर–खजुराहो रेल खंड का निरीक्षण विशेष ‘परख यान’ के माध्यम से किया और यात्रियों की सहूलियत बढ़ाने तथा परिचालन व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और टीकमगढ़ स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी।