कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देश पर घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर सख्त कार्रवाई
भोजनालयों और होटलों में अनाधिकृत सिलेंडर उपयोग पर संयुक्त टीम की छापेमार कार्रवाई, कई सिलेंडर जब्त
नर्मदापुरम। कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशानुसार सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस, राजस्व और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान भोजनालयों, रेस्टोरेंट और होटलों में घरेलू गैस सिलेंडरों के अनाधिकृत उपयोग और भंडारण की जांच की गई।
संयुक्त टीम ने सतरस्ता स्थित विक्रांत होटल से एक घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया। वहीं जीआरवी होटल से एक अनाधिकृत रूप से भंडारित व्यावसायिक गैस सिलेंडर भी जब्त किया गया।
निरीक्षण के दौरान डोमिनोज़ से पांच अनाधिकृत व्यावसायिक सिलेंडरों की जब्ती की कार्रवाई की गई। इसके अलावा मैंगो मेनिया होटल की भी जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान बस स्टैंड स्थित होटल काका श्री और होटल पहलवान में असुरक्षित परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों की बिक्री और अनाधिकृत रूप से मदिरा विक्रय एवं परोसने की शिकायत मिलने पर पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा जब्ती की कार्रवाई की गई।