नदी घाटों की सफाई और सुरक्षा पर सख्त निर्देश, होमगार्ड जवानों की होगी तैनाती
नर्मदापुरम/24 फरवरी 2026। संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने शहर के सभी नदी घाटों की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने नगर पालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले एवं जन अभियान परिषद के कौशलेश तिवारी को निर्देशित किया कि गोदरी घाट, मंगलवार घाट, कोरी घाट, हर्बल घाट, पोस्ट ऑफिस घाट, सर्किट हाउस घाट एवं सेठानी घाट सहित सभी प्रमुख घाटों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
कमिश्नर ने कहा कि हालिया निरीक्षण में घाटों पर कचरा, अधजले कपड़े, बांस-बल्लियां और कांच की बोतलें बिखरी मिलीं, जो न केवल घाटों की सुंदरता को प्रभावित करती हैं बल्कि श्रद्धालुओं पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती हैं। उन्होंने जन अभियान परिषद की नर्मदा सेवा समिति को लगातार सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक घाट पर एक-एक होमगार्ड जवान की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही सप्ताह में एक दिन अधिकारी और कर्मचारी स्वयं घाटों पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में लगभग 120 किलोमीटर क्षेत्र में 68 नदी घाट स्थित हैं। प्रथम चरण में शहर के घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की कार्ययोजना बनाई गई है। नागरिकों से अपील की गई है कि हवन सामग्री केवल निर्धारित हवन कुंड में ही अर्पित करें।
कमिश्नर ने जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता राजाराम मीणा को तवा नगर स्थित शासकीय आवासों से सेवानिवृत्त एवं स्थानांतरित कर्मचारियों तथा अनाधिकृत रूप से रह रहे परिजनों से आवास खाली कराने के निर्देश दिए। आवास रिक्त होने के बाद पात्र व्यक्तियों को आवंटन की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में दिव्यांग पार्क और वरिष्ठ जन पार्क को व्यवस्थित रखने, अवैध होर्डिंग हटाने, मटमैले पानी की समस्या दूर करने, कचरा संग्रहण वाहनों की नियमितता और नहरों के ओवरफ्लो को रोकने संबंधी निर्देश भी दिए गए।
गर्मी को देखते हुए पीएचई एवं नगर पालिका विभाग को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फसल गिरदावरी कार्य में तेजी लाने पर जोर देते हुए नर्मदापुरम जिले में 62 प्रतिशत प्रगति पर असंतोष जताया और शत-प्रतिशत गिरदावरी शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
विस्थापित ग्रामों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा संकल्प से समाधान अभियान के तहत क्लस्टरवार शिविर लगाकर प्रकरणों का मौके पर निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नवल मीणा, डीएन पटेल, नीता कोरी सहित अन्य संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)