राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश, लोक सेवा गारंटी में देरी बर्दाश्त नहीं : सोनिया मीना
नर्मदापुरम, 27 फरवरी 2026। कलेक्टर सोनिया मीना ने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में राजस्व वसूली में तेजी लाने और लक्ष्य निर्धारित कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों में देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में राजस्व वसूली, आरसीएमएस पोर्टल पर लंबित प्रकरण, कानून-व्यवस्था, भू-अर्जन, स्वामित्व योजना, फार्मर रजिस्ट्री एवं गेहूं उपार्जन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी एसडीएम, तहसीलदारों और राजस्व अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने और फील्ड में नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
नजूल प्रकरणों और लीज नवीनीकरण के शीघ्र निराकरण के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा गया। चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक राजस्व वसूली में उल्लेखनीय प्रगति लाने, सूचीबद्ध प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने तथा गत वर्ष से कम वसूली न होने के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन की रैंकिंग पर असंतोष जताते हुए एक सप्ताह में शिकायतों के निराकरण की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने को कहा गया। समय-सीमा से बाहर प्रकरणों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर सख्त कार्रवाई, नरवाई प्रबंधन के लिए समग्र कार्ययोजना, मशीनों की उपलब्धता एवं प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आगामी गेहूं उपार्जन के मद्देनजर उपार्जन केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया।
आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा ध्वनि प्रदूषण नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में राजीव रंजन पांडे, अनिल जैन, बृजेन्द्र रावत सहित समस्त एसडीएम, तहसीलदार एवं राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।