नर्मदापुरम
सांसद माया नारोलिया ने दिल्ली में भरी विकास की हुंकार, केंद्रीय मंत्रियों से रखी क्षेत्रीय प्रगति की ठोस योजना
नई दिल्ली/नर्मदापुरम: राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने संसद सत्र के दौरान नई दिल्ली में सक्रियता दिखाते हुए क्षेत्र के विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर नर्मदापुरम संभाग सहित मध्य प्रदेश के विकास से जुड़े अहम मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया।
सांसद नारोलिया ने सड़क, रेल और औद्योगिक विकास के समन्वित मॉडल पर जोर देते हुए क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई। इस क्रम में उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर नर्मदापुरम-टिमरनी-हरदा-खंडवा मार्ग को सुदृढ़ करने और इसे राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने का आग्रह किया। उनका कहना है कि इससे व्यापार, आवागमन और धार्मिक पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्रालय के समक्ष क्षेत्रीय रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और आधुनिक सुविधाओं के विकास का मुद्दा उठाया। इससे आम यात्रियों को बेहतर और सुगम यात्रा का लाभ मिल सकेगा।
औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से सांसद नारोलिया ने केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नर्मदापुरम में भारी उद्योगों की स्थापना और इस्पात क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
इन सभी बैठकों में केंद्रीय मंत्रियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। सांसद नारोलिया की इस सक्रियता से नर्मदापुरम सहित पूरे क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है।

Continue With Google
Comments (0)