सांसद माया नारोलिया ने नवनियुक्त एल्डरमैन का किया सम्मान, बोलीं—नगर विकास को मिलेगी नई गति
नर्मदापुरम। शहर के सांसद संवाद केंद्र में रविवार को एक गरिमामयी अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यसभा सांसद माया नारोलिया की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम के नवनियुक्त एल्डरमैन—श्री राम नवलानी, श्रीमती हीरामणि भावसार एवं श्री संतोष मीना—का शाल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती नारोलिया ने सभी नवनियुक्त पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उनके अनुभव, समर्पण और कार्यक्षमता पर विश्वास जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह टीम अपने सुझावों और सक्रिय भूमिका से नगर के समग्र विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि नर्मदापुरम के विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और सभी को मिलकर शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सांसद ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग्य और कर्मठ कार्यकर्ताओं को अवसर देना संगठन की सुदृढ़ परंपरा है। उन्होंने सभी नवनियुक्त एल्डरमैन के सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रूपेश राजपूत, पूर्व मंडल अध्यक्ष विकास नारोलिया, पूर्व पार्षद नंदकिशोर यादव, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुंदरम अग्रवाल, महेंद्र सिंह आनंद, सुरेंदरजीत सिंह, मंजू आनंद, नरसिंह रावत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।