जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, शाखा आलीराजपुर  में ₹24 लाख का गबन! कैशियर फरार, मैनेजर सस्पेंड... FIR की तैयारी से मचा हड़कंप
अतिरिक्त फंड की मांग से खुला करोड़ों के भरोसे पर चोट करने वाला खेल, विशेष जांच में सामने आई ₹24.12 लाख की वित्तीय अनियमितता

प्रेम गुप्ता

आलीराजपुर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की अलीराजपुर शाखा में 24 लाख 12 हजार 326 रुपये के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले के उजागर होते ही बैंक के कैशियर वेलसिंह पलासिया फरार हो गए हैं। वहीं बैंक प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभारी शाखा प्रबंधक जामसिंह भाभर को निलंबित कर उनका मुख्यालय पेटलावद निर्धारित कर दिया है। पूरे घटनाक्रम से बैंक कर्मचारियों और खाताधारकों में हड़कंप की स्थिति है।
जानकारी के अनुसार शाखा द्वारा अतिरिक्त फंड की मांग किए जाने पर बैंक प्रबंधन को संदेह हुआ, जबकि रिकॉर्ड के अनुसार शाखा में पर्याप्त नकदी उपलब्ध होना चाहिए थी। इसके बाद भेजी गई विशेष जांच टीम ने जांच के दौरान ₹24.12 लाख की वित्तीय अनियमितता का खुलासा किया।
आधिकारिक आदेश के अनुसार जामसिंह भाभर फरवरी 2025 से अलीराजपुर शाखा के प्रभारी प्रबंधक के रूप में पदस्थ थे। जांच में उनके कार्यकाल के दौरान वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मुख्यालय पेटलावद भेज दिया गया है।
वहीं फरार कैशियर वेलसिंह पलासिया तथा मामले में जिम्मेदार अन्य कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार इसी शाखा में करीब दो वर्ष पूर्व भी ग्राहकों की गोपनीय आईडी का दुरुपयोग कर राशि निकालने का मामला सामने आया था। ताजा गबन कांड के बाद एक बार फिर बैंक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं खाताधारकों में भी अपने खातों और जमा राशि की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।