मुंगावली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर यादव महासभा समिति के तत्वावधान में शहर में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा एवं चल समारोह निकाला गया। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, घोड़ा-बग्गियां और धर्म ध्वज लिए समाज के युवा शामिल हुए। शहर में जगह-जगह मंच लगाकर श्रद्धालुओं एवं शोभायात्रा में शामिल लोगों का पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। धार्मिक आयोजन के चलते पूरा शहर भक्तिमय नजर आया और क्षेत्र लघु वृंदावन के स्वरूप में दिखाई दिया।

शोभायात्रा में एक सुसज्जित घोड़ा-बग्गी में भगवान राधा-कृष्ण के मनमोहक जीवंत स्वरूप को विराजमान किया गया था। वहीं दूसरी घोड़ा-बग्गी में भगवान राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई। अन्य बग्गियों और घोड़ों पर समाज के बुजुर्गों को साफा पहनाकर सम्मानपूर्वक बैठाया गया। समाज के युवा एवं बच्चे हाथों में धर्म ध्वजा लेकर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे।

पूर्व सांसद सहित समाजजनों ने किया जमकर नृत्य

शोभायात्रा के दौरान समाज के युवाओं ने ढोल की थाप और कृष्ण भजनों पर जमकर नृत्य किया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। कार्यक्रम में शामिल पूर्व सांसद डॉ. केपी यादव सहित समाजजनों ने भी उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए आयोजन में सहभागिता की और नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया।

भगवान श्रीकृष्ण के संदेशों पर चलने का आह्वान

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित धार्मिक सभा में समाज के वरिष्ठजनों ने समाजजनों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि पूरी मानवता को धर्म, कर्म, न्याय और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण ने भगवद्गीता के माध्यम से मानव जीवन के लिए महत्वपूर्ण उपदेश दिए हैं, जिनका अनुसरण प्रत्येक व्यक्ति को करना चाहिए।

वक्ताओं ने कहा कि समाज के युवाओं को सभी को साथ लेकर सामंजस्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए तथा व्यसनों से दूर रहकर समाज और देश के विकास में योगदान देना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण किसी एक जाति या समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के आराध्य हैं। उन्होंने सदैव अन्याय के विरुद्ध और न्याय के पक्ष में खड़े होने का संदेश दिया। महाभारत में भी भगवान श्रीकृष्ण ने न्याय के पक्ष में अर्जुन का सारथी बनकर धर्म की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजेंद्र सिंह यादव के पुत्र अर्जुन यादव सहित पूर्व सांसद डॉ. केपी यादव एवं कांग्रेस महासचिव यादवेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। वक्ताओं ने सभी शहरवासियों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और निरोगी जीवन की कामना की।

जगह-जगह हुआ शोभायात्रा का भव्य स्वागत

शोभायात्रा का नगरवासियों द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। शोभायात्रा के प्रारंभ में बस स्टैंड स्थित माधवराव सिंधिया की प्रतिमा के पास नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेश ग्वाल एवं मंडल अध्यक्ष नागेंद्र सिंह परिहार द्वारा स्वागत किया गया।

इसके बाद गणेश शंकर विद्यार्थी चौराहे पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सदस्यों द्वारा शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को केले वितरित कर स्वागत किया गया। वहीं नृसिंह मानस सेवा समिति द्वारा अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें पटका पहनाया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए केले एवं शीतल जल की व्यवस्था की गई।

पूरे आयोजन के दौरान शहर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।